कंधे में दर्द का कारण, अपनाएं ये उपाय / The cause of pain in the shoulder, follow these measures
कंधे पर अनावश्यक दबाव, गलत मुद्रा में बैठना या लेटना, भारी बोझ कंधे में दर्द का कारण बन सकता है। आजकल लोगों में इसकी समस्या आम हो गई है। यह उन्हें भी परेशान कर रहा है जो एक ही कंधे पर भारी पर्स या बैग टांगकर ऑफिस जाते हैं। इससे बचने के लिए जरूरत है अपनी आदत में कुछ बदलाव करने की। साथ ही ये उपाय जो आपको कंधे के दर्द से छुटकारा दिलवाएंगे।
न करें नजरंदाज
दर्द शरीर के किसी भी हिस्से में हो, वह आपकी दिनचर्या प्रभावित करता है। अगर लंबे समय तक इसे नजरंदाज किया जाए तो यह मांसपेशियों में खिंचाव और ऊत्तकों में गड़बड़ी का कारण भी बन सकता है। ऐसा ही है कंधे का दर्द। कभी अत्यधिक काम तो कभी अनावश्यक का तनाव, इसकी वजह बनता है। हम में से अधिकांश लोग दाएं कंधे पर पर्स या बैग टांगकर ऑफिस जाते हैं। जिसकी वजह से इस तरफ के कंधे में लगातार दर्द रहने लगता है।
बदलें आदत
कंधे में दर्द न हो इसके लिए आपको अपनी आदत बदलनी होगी। एक ही कंधे पर पर्स या बैग टांगने की बजाए कोशिश करें कि बैग दोनों कंधों पर टांगा जाए। इसके लिए पिट्ठू बैग या बैग पैक बेहतर रहते हैं। इससे वजन दोनों कंधों पर शेयर हो जाता है और एक ही साइड पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता। इसके साथ ही यह भी कोशिश करें कि हर रोज लाने-ले जाने वाले पर्स अथवा बैग में कम से कम सामान रखें। टिफिन के लिए एक अलग कैरी बैग रखना भी बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे एक ही हाथ पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता।
दर्द से निजात पाने के लिए अपनाएं ये उपाय
अगर सोने के दौरान आपके कंधे में दर्द है तो इसका यह अर्थ है कि आपका पॉश्चर ठीक नहीं है। संभवत: तकिया भी आपके आराम के अनुकूल न हो।
अगर सोने के दौरान हुआ है दर्द
अगर सोने के दौरान आपको यह दर्द महसूस हुआ है तो इसका यह अर्थ है कि आपका पॉश्चर ठीक नहीं है। संभवत: तकिया भी आपके आराम के अनुकूल न हो। इसलिए तकिए को सही तरह से गर्दन के नीचे रखें। इसके अतिरिक्त तकिए के चुनाव में भी सावधानी बरतें। तकिया बहुत अधिक ऊंचा या सख्त नहीं होना चाहिए। इससे गर्दन व कंधे में दर्द की शिकायत होती है।
मालिश देगी आराम
इसके लिए मालिश करना एक अच्छा विचार है। इससे मांसपेशियों को आराम मिलता है। मालिश करने से शरीर में रक्त प्रवाह भी बेहतर होता है। कंधे के दर्द से आराम दिलाने के लिए लैवेंडर के तेल की मालिश करना एक बेहतरीन ऑप्शन है।
आराम दें
एक ही कंधे पर ज्यादा भार होने के कारण दर्द हो रहा हो, तो कुछ दिन इस कंधे को आराम दें। कई बार काम की अधिकता या मानसिक टेंशन से भी कंधे में दर्द हो सकता है। इसलिए अगर बहुत देर तक काम करने के कारण आपको कंधे में दर्द का अहसास हो रहा है, तो काम छोड़कर कुछ देर आराम करें।
आईस पैक
दर्द से निजात पाने के लिए आप बर्फ का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे दर्द वाली जगह पर रखें, लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि कभी भी इसे सीधे ही कंधे पर न रखें। आईस पैक बनाने के लिए पहले किसी प्लास्टिक की थैली में बर्फ के टुकड़ों को डाल लें और फिर किसी पतले कपड़े से लपेट लें। अंत में इसे कंधे पर रखें।
सेंधा नमक का पानी
जिन लोगों को लगातार कंधे में दर्द की शिकायत रहती है, उन्हें पानी को हल्का गर्म करके उसमें दो चम्मच सेंधा नमक डालकर उससे नहाना चाहिए। इससे मांसपेशियों को आराम मिलता है और ब्लड सर्कुलेशन भी बेहतर होता है।