‘त’ से शुरू होने वाले हिन्दी मुहावरे / Hindi Idioms start with त

( त ) से शुरू वाले हिन्दी मुहावरे

‘त’ से शुरू होने वाले हिन्दी के कुछ प्रसिद्ध मुहावरे और उनके अर्थ, वाक्य में प्रयोग सहित इस लेख द्वारा उपलब्ध कराये गए है।

तूती बोलना (अर्थ – बोलबाला होना)-

वाक्य प्रयोग – आजकल तो राहुल गाँधी की तूती बोल रही है।

तारे गिनना (अर्थ – चिंता के कारण रात में नींद न आना)-

वाक्य प्रयोग – अपने पुत्र की चिन्ता में पिता रात भर तारे गिनते रहे।

तिल का ताड़ बनाना (अर्थ – छोटी-सी बात को बढ़ा-चढ़ाकर कहना)-

वाक्य प्रयोग – शांति तो तिल का ताड़ बनाने में माहिर है।

तीन तेरह करना (अर्थ – नष्ट करना, तितर बितर करना)-

वाक्य प्रयोग – जरा-से झगड़े ने दोनों भाइयों को तीन तेरह कर दिया।

तकदीर खुलना या चमकना (अर्थ – भाग्य अनुकूल होना)-

वाक्य प्रयोग – सरकारी नौकरी लगने से श्याम की तो तकदीर खुल गई।

तख्ता पलटना (अर्थ – एक शासक द्वारा दूसरे शासक को हटाकर उसके सिंहासन पर खुद बैठना)-

वाक्य प्रयोग – पाकिस्तान में मुशर्रफ ने तख्ता पलट दिया और कोई कुछ न कर सका।

तलवा या तलवे चाटना (अर्थ – खुशामद या चापलूसी करना)-

वाक्य प्रयोग – ओमवीर ने अफसरों के तलवे चाटकर ही तरक्की पाई है।

तलवे धोकर पीना (अर्थ – अत्यधिक आदर-सत्कार या सेवा करना)-

वाक्य प्रयोग – अमन अपने माता-पिता के तलवे धोकर पीता है तभी लोग उसे श्रवण का अवतार कहते हैं।

तलवार की धार पर चलना (अर्थ – बहुत कठिन कार्य करना)-

वाक्य प्रयोग – मित्रता निभाना तलवार की धार पर चलने के समान है।

तलवार के घाट उतारना (अर्थ – तलवार से मारना)-

वाक्य प्रयोग – राजवीर ने अपने शत्रु को तलवार के घाट उतार दिया।

तलवार सिर पर लटकना (अर्थ – खतरा होना)-

वाक्य प्रयोग – आजकल रामू के मैनेजर से उसकी कहासुनी हो गई है इसलिए तलवार उसके सिर पर लटकी हुई है।

तवे-सा मुँह (अर्थ – बहुत काला चेहरा)-

वाक्य प्रयोग – किरण का तो तवे-सा मुँह है, फिर भी वह स्वयं को सुंदर समझती है।

तशरीफ लाना (अर्थ – आना)-

वाक्य प्रयोग – घर में मेहमान आते हैं तो यही कहते हैं- तशरीफ लाइए।

तांत-सा होना (अर्थ – दुबला-पतला होना)-

वाक्य प्रयोग – चार दिन की बीमारी में गौरव तांत-सा हो गया है।

ताक पर धरना (अर्थ – व्यर्थ समझकर दूर हटाना)-

वाक्य प्रयोग – सारे नियम ताक पर रखकर अध्यापक ने एक छात्र को नकल करवाई।

ताक में बैठना (अर्थ – मौके की तलाश में रहना)-

वाक्य प्रयोग – सुधीर बहुत दिनों से ताक में बैठा था कि उसे मैं कब अकेला मिलूँ और वो मुझे पीटे।

तारीफ के पुल बाँधना (अर्थ – अधिक प्रशंसा या तारीफ करना)-

वाक्य प्रयोग – राकेश जब फर्स्ट क्लास पास हुआ तो सभी ने उसकी तारीफ के पुल बाँध दिए।

तारे तोड़ लाना (अर्थ – कठिन या असंभव कार्य करना)-

वाक्य प्रयोग – जब विवेक ने अपनी डींग मारनी शुरू की तो मैंने कहा- बस करो भाई! तारे नहीं तोड़ लाए हो, जो इतनी डींग मार रहे हो।

तिनके का सहारा (अर्थ – थोड़ी-सी मदद)-

वाक्य प्रयोग – मैंने मोहित की जब सौ रुपए की मदद की तो उसने कहा कि डूबते को तिनके का सहारा बहुत होता है।

तीन-पाँच करना (अर्थ – हर बात में आपत्ति करना)-

वाक्य प्रयोग – राघव बहुत तीन-पाँच करता है इसलिए सब उससे दूर रहते हैं।

तीर मार लेना (अर्थ – कोई बड़ा काम कर लेना)-

वाक्य प्रयोग – इंजीनियर बनकर आयुष ने तीर मार लिया है।

तीस मारखाँ बनना (अर्थ – अपने को बहुत शूरवीर समझना, शेखी बघारना)-

वाक्य प्रयोग – मुन्ना खुद को बहुत तीस मारखाँ समझता है, जब देखो लड़ाई की बातें करता रहता है।

तूफान उठना (अर्थ – उपद्रव खड़ा करना)-

वाक्य प्रयोग – मित्र, तुम जहाँ भी जाते हो, वहीं तूफान खड़ा कर देते हो।

तेल निकालना (अर्थ – खूब कस कर काम लेना)-

वाक्य प्रयोग – प्राइवेट फर्म तो कर्मचारी का तेल निकाल लेती है। तभी विकास को नौकरी करना पसंद नहीं है।

तेली का बैल (अर्थ – हर समय काम में लगा रहने वाला व्यक्ति)-

वाक्य प्रयोग – प्रेमचन्द्र तो तेली का बैल है, जब देखो, रात-दिन काम करता रहता है।

तोता पालना (अर्थ – किसी बुरी आदत को न छोड़ना)-

वाक्य प्रयोग – केशव ने तंबाकू खाने का तोता पाल लिया है। बहुत मना किया, मानता ही नहीं है।

तंग हाल (अर्थ – निर्धन होना)-

वाक्य प्रयोग – नीरू खुद तंग हाल है, तुम्हें कहाँ से कर्ज देगी।







तकदीर फूटना (अर्थ – भाग्य खराब होना)-

वाक्य प्रयोग – उस लड़की की तो तकदीर ही फूट गई जो तुम जैसे जाहिल से उसकी शादी हो गई।

तबीयत आना (अर्थ – किसी पर आसक्ति होना)-

वाक्य प्रयोग – वह तो मनमौजी है जब जिस चीज पर उसकी तबीयत आ जाती है तो उसे हासिल करके ही छोड़ता है।

तबीयत भरना (अर्थ – मन भरना, इच्छा न होना)-

वाक्य प्रयोग – इस शहर से अब मेरी तबीयत भर चुकी है इसलिए इस शहर को छोड़कर जाना चाहता हूँ।

तरस खाना (अर्थ – दया करना)-

वाक्य प्रयोग – ठंड में काँपते हुए उस भिखारी पर तरस खाकर मैंने अपना कंबल उसी को दे दिया।

तह तक पहुँचना (अर्थ – गुप्त रहस्य को मालूम कर लेना)-

वाक्य प्रयोग – जब तक वह इस मामले की तह तक नहीं पहुँचेगा तब तक कोई फैसला नहीं सुनाएगा।

तहलका मचना (अर्थ – खलबली मचना)-

वाक्य प्रयोग – विमान में बम होने की खबर से चारों ओर तहलका मच गया।

ताँता बंधना (अर्थ – एक के बाद दूसरे का आते रहना)-

वाक्य प्रयोग – वैष्णो देवी के मंदिर में दर्शनार्थियों का सुबह से ताँता लग जाता है।

ताक-झाँक करना (अर्थ – इधर-उधर देखना)-

वाक्य प्रयोग – दूसरे के घर में ताक-झाँक करना अच्छी आदत नहीं है।

तानकर सोना (अर्थ – निश्चित होकर सोना)-

वाक्य प्रयोग – बेटी के विवाह के बाद वह सारी चिंताओं से मुक्त हो गया है और अब तानकर सोता है।

ताल ठोंकना (अर्थ – लड़ने के लिए ललकारना)-

वाक्य प्रयोग – उसके सामने तुम ताल मत ठोंको, तुम उसका कुछ भी बिगाड़ नहीं पाओगे।

ताव आना (अर्थ – क्रोध आना)-

वाक्य प्रयोग – मोहनलाल की झूठी बातें सुनकर मुझे ताव आ गया।

तिल-तिल करके मरना (अर्थ – धीरे-धीरे मृत्यु के मुख में जाना)-

वाक्य प्रयोग – बेटे के गम में उसने बिस्तर पकड़ लिया है और अब तिल-तिल करके मर रही है।

तिल रखने की जगह न होना (अर्थ – स्थान का ठसाठस भरा होना)-

वाक्य प्रयोग – शनिवार के दिन शनि मंदिर में तिल रखने तक की जगह नहीं होती।

तिलमिला उठना (अर्थ – बहुत बुरा मानना)-

वाक्य प्रयोग – जब मैंने उसकी पोल खोल दी तो वह तिलमिला उठा।

तिलांजलि देना (अर्थ – त्याग देना)-

वाक्य प्रयोग – वर्मा जी ने घर-परिवार को तिलांजलि देकर संन्यास ले लिया।

तुक न होना (अर्थ – कोई औचित्य न होना)-

वाक्य प्रयोग – पहले मैं बाजार जाऊँ फिर तुम्हें लेने के लिए घर आऊँ, इसमें कोई तुक नहीं है।

तुल जाना (अर्थ – किसी काम को करने के लिए उतारू होना)-

वाक्य प्रयोग – यदि तुम मेहनत करने पर तुल जाओ तो सफलता अवश्य मिलेगी।

तू-तू मैं-मैं होना (अर्थ – आपस में कहा-सुनी होना)-

वाक्य प्रयोग – कल रमेश और उसकी पत्नी के बीच तू-तू मैं-मैं हो गई।

तूल पकड़ना (अर्थ – उग्र रूप धारण करना)-

वाक्य प्रयोग – बातों-ही-बातों में कहा-सुनी हो गई और झगड़े ने तूल पकड़ ली।

तेल निकालना (अर्थ – खूब कसकर काम लेना)-

वाक्य प्रयोग – जमींदार मजदूरों का तेल निकाल लेते थे।

तेवर चढ़ाना (अर्थ – क्रोध के कारण भौहों को तानना)-

वाक्य प्रयोग – मुझे परिणाम का अनुमान है। तुम्हारे तेवर चढ़ाने से मैं निर्णय नहीं बदल सकता।

तैश में आना (अर्थ – क्रोध करना)-

वाक्य प्रयोग – तैश में आकर किसी का अपमान करना गलत है।

तोबा करना (अर्थ – भविष्य में किसी काम को न करने की प्रतिज्ञा करना)-

वाक्य प्रयोग – ईट के व्यापार में घाटा होने से मैंने इससे तोबा कर दिया।

तौल-तौल कर मुँह से शब्द निकालना (अर्थ – बहुत सोच-विचार कर बोलना)-

वाक्य प्रयोग – शालिनी बहुत विवेकशील है। वह तौल-तौलकर मुँह से शब्द निकालती है।

त्यौरी/त्यौरियाँ चढ़ना (अर्थ – क्रोध के कारण माथे पर बल पड़ना)-

वाक्य प्रयोग – अपमानजनक शब्द सुनते ही उसकी त्यौरियाँ चढ़ गई।







तीन-तेरह होना (अर्थ – तितर-बितर होना)-

वाक्य प्रयोग – माधो के मरते ही उसके सारे लड़के तीन-तेरह हो गये।

तीन-तेरह में न रहना (अर्थ – किसी झगड़ा-फ़साद में न रहना)-

वाक्य प्रयोग – भाई हम तो अपना काम करते हैं। तीन-तेरह में नहीं रहते।

तीनों लोक सूझना (अर्थ – आँखों के आगे अँधेरा छाना)-

वाक्य प्रयोग – जमींदारी छिन जाने पर राय साहब को तीनों लोक सूझने लगे।

तीन कौड़ी का होना (अर्थ – बरबाद होना)-

वाक्य प्रयोग – लड़का कुसंगति में पड़ कर तीन कौड़ी का हो गया।

तूफान मेल छोड़ना (अर्थ – जल्दी करना)

तुगलकी फरमान (अर्थ – जनता की सुविधा-असुविधा का ख्याल किये बिना जारी किया गया शासनादेश

तह देना (अर्थ – दवा देना)

तह-पर-तह देना (अर्थ – खूब खाना)

तरह देना (अर्थ – ख्याल न करना)

तंग करना (अर्थ – हैरान करना)

तिनके को पहाड़ करना (अर्थ – छोटी बात को बड़ी बनाना)

ताड़ जाना (अर्थ – समझ जाना)

तुक में तुक मिलाना (अर्थ – खुशामद करना)

तेवर बदलना (अर्थ – क्रोध करना)

ताना मारना(अर्थ – व्यंग्य वचन बोलना)

ताक में रहना (अर्थ – खोज में रहना)

तोते की तरह आँखें फेरना (अर्थ – बेमुरौवत होना)