‘प’ से शुरू होने वाले हिन्दी मुहावरे / Hindi Idioms start with प
( प ) से शुरू वाले हिन्दी मुहावरे
‘प’ से शुरू होने वाले हिन्दी के कुछ प्रसिद्ध मुहावरे और उनके अर्थ, वाक्य में प्रयोग सहित इस लेख द्वारा उपलब्ध कराये गए है।
पेट काटना (अर्थ – अपने भोजन तक में बचत )-
वाक्य प्रयोग – अपना पेट काटकर वह अपने छोटे भाई को पढ़ा रहा है।
पानी उतारना (अर्थ – इज्जत लेना )-
वाक्य प्रयोग – भरी सभा में द्रोपदी को पानी उतारने की कोशिश की गयी।
पेट में चूहे कूदना (अर्थ – जोर की भूख )-
वाक्य प्रयोग – पेट में चूहे कूद रहे है। पहले कुछ खा लूँ, तब तुम्हारी सुनूँगा।
पहाड़ टूट पड़ना (अर्थ – भारी विपत्ति आना )-
वाक्य प्रयोग – उस बेचारे पर तो दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पट्टी पढ़ाना (अर्थ – गलत सलाह देना, बुरी राय देना)-
वाक्य प्रयोग – किसी को पट्टी पढ़ाना अच्छी बात नहीं।
पौ बारह होना (अर्थ – खूब लाभ होना)-
वाक्य प्रयोग – क्या पूछना है ! आजकल तुम व्यापारियों के ही तो पौ बारह हैं।
पगड़ी रखना (अर्थ – इज्जत बचाना)-
वाक्य प्रयोग – हल्दीघाटी में झाला सरदार ने राजपूतों की पगड़ी रख ली।
पगड़ी उतारना (अर्थ – अपमानित करना)-
वाक्य प्रयोग – दहेज-लोभियों ने सीता के पिता की पगड़ी उतार दी।
पानी-पानी होना (अर्थ – अधिक लज्जित होना)-
वाक्य प्रयोग – जब धीरज की चोरी पकड़ी गई तो वह पानी-पानी हो गया।
पत्ता कटना (अर्थ – नौकरी छूटना)-
वाक्य प्रयोग – मंदी के दौर में मेरी कंपनी में दस लोगों का पत्ता कट गया।
परछाई से भी डरना (अर्थ – बहुत डरना)-
वाक्य प्रयोग – राजू तो अपने पिताजी की परछाई से भी डरता है।
पर्दाफाश करना (अर्थ – भेद खोलना)-
वाक्य प्रयोग – महेश मुझे बात-बात पर धमकी देता है कि यदि मैं उसकी बात नहीं मानूँगा तो वह मेरा पर्दाफाश कर देगा।
पर्दाफाश होना (अर्थ – भेद खुलना)-
वाक्य प्रयोग – रामू ने बहुत छिपाया, पर कल उसका पर्दाफाश हो ही गया।
पल्ला झाड़ना (अर्थ – पीछा छुड़ाना)-
वाक्य प्रयोग – मैंने उसे उधार पैसे नहीं दिए तो उसने मुझसे पल्ला झाड़ लिया।
पाँव तले से धरती खिसकना (अर्थ – अत्यधिक घबरा जाना)-
वाक्य प्रयोग – बस में जेब कटने पर मेरे पाँव तले से धरती खिसक गई।
पाँव फूलना (अर्थ – डर से घबरा जाना)-
वाक्य प्रयोग – जब चोरी पकड़ी गई तो रामू के पाँव फूल गए।
पानी का बुलबुला (अर्थ – क्षणभंगुर, थोड़ी देर का)-
वाक्य प्रयोग – संतों ने ठीक ही कहा है- ये जीवन पानी का बुलबुला है।
पानी फेरना (अर्थ – समाप्त या नष्ट कर देना)-
वाक्य प्रयोग – मित्र! तुमने तो सब किये कराए पर पानी फेर दिया।
पारा उतरना (अर्थ – क्रोध शान्त होना)-
वाक्य प्रयोग – जब मोहन को पैसे मिल गए तो उसका पारा उतर गया।
पारा चढ़ना (अर्थ – क्रोधित होना)-
वाक्य प्रयोग – मेरे दादाजी का जरा-सी बात में पारा चढ़ आता है।
पेट का गहरा (अर्थ – भेद छिपाने वाला)-
वाक्य प्रयोग – कल्लू पेट का गहरा है, राज की बात नहीं बताता।
पेट का हल्का (अर्थ – कोई बात न छिपा सकने वाला)-
वाक्य प्रयोग – रामू पेट का हल्का है, उसे कोई बात बताना बेकार है।
पटरा कर देना (अर्थ – चौपट कर देना)-
वाक्य प्रयोग – इस वर्ष के अकाल ने तो पटरा कर दिया।
पत्थर का कलेजा (अर्थ – कठोर हृदय व्यक्ति)-
वाक्य प्रयोग – शेरसिंह का पत्थर का कलेजा है तभी अपने माता-पिता के देहांत पर उसकी आँखों में आँसू नहीं थे।
पत्थर की लकीर (अर्थ – पक्की बात)-
वाक्य प्रयोग – पंडित जी की बात पत्थर की लकीर है।
पर्दा उठना (अर्थ – भेद प्रकट होना)-
वाक्य प्रयोग – आज सच्चाई से पर्दा उठ ही गया कि मुन्ना धनवान है।
पलकों पर बिठाना (अर्थ – बहुत अधिक आदर-स्वागत करना)-
वाक्य प्रयोग – रामू ने विदेश से आए बेटों को पलकों पर बिठा लिया।
पाँव धोकर पीना (अर्थ – अत्यन्त सेवा-शुश्रुषा और सत्कार करना)-
वाक्य प्रयोग – रमा अपनी सासुमाँ के पाँव धोकर पीती है।
पॉकेट गरम करना (अर्थ – घूस देना)-
वाक्य प्रयोग – अदालत में पॉकेट गर्म करने के बाद ही रामू का काम हुआ।
पीठ की खाल उधेड़ना (अर्थ – कड़ी सजा देना)-
वाक्य प्रयोग – कक्षा में शोर मचाने पर अध्यापक ने रामू की पीठ की खाल उधेड़ दी।
पीठ ठोंकना (अर्थ – शाबाशी देना)-
वाक्य प्रयोग – कक्षा में फर्स्ट आने पर अध्यापक ने राजू की पीठ ठोंक दी।
प्राण हथेली पर लेना (अर्थ – जान खतरे में डालना)-
वाक्य प्रयोग – सैनिक प्राण हथेली पर लेकर देश की रक्षा करते हैं।
प्राणों पर खेलना (अर्थ – जान जोखिम में डालना)-
वाक्य प्रयोग – आचार्य जी डूबती बच्ची को बचाने के लिए अपने प्राणों पर खेल गए।
पंख लगना (अर्थ – विशेष चतुराई के लक्षण प्रकट करना)-
वाक्य प्रयोग – मधु के तो पंख लग गए हैं, उसे बहस में हरा पाना आसान नहीं है।
पंथ निहारना/देखना (अर्थ – प्रतीक्षा करना)-
वाक्य प्रयोग – गोपियाँ पंथ निहारती रहीं पर कृष्ण कभी वापस न आए।
पत्ता खड़कना (अर्थ – आशंका होना)-
वाक्य प्रयोग – अगर यहाँ पत्ता भी खड़केगा तो मुझे खबर मिल जाएगी, इसलिए आप निश्चिंत होकर अपना काम कीजिए।
पर कटना (अर्थ – अशक्त हो जाना)-
वाक्य प्रयोग – इस लड़के के पर काटने पड़ेंगे बहुत बक-बक करने लगा है।
पलक-पाँवड़े बिछाना (अर्थ – बहुत श्रद्धापूर्वक स्वागत करना)-
वाक्य प्रयोग – गाँधी जी जिस गाँव से भी निकल जाते थे लोग उनके स्वागत में पलक-पाँवड़े बिछा देते थे।
पलकें बिछाना (अर्थ – बहुत श्रद्धापूर्वक आदर-सत्कार करना)-
वाक्य प्रयोग – नेताजी के आने पर सबने पलकें बिछा दीं।
पलकों में रात बीतना (अर्थ – रातभर नींद न आना)-
वाक्य प्रयोग – रात को कॉफी क्या पी, पलकों में ही सारी रात बीत गई।
पल्ला छुड़ाना (अर्थ – छुटकारा पाना)-
वाक्य प्रयोग – मुझे इस काम में फँसाकर आप मुझसे पल्ला क्यों छुड़ाना चाहते हैं?
पल्ला पकड़ना (अर्थ – आश्रय लेना)-
वाक्य प्रयोग – अब पल्ला पकड़ा है तो जीवनभर साथ निभाना होगा।
पसीने की कमाई (अर्थ – मेहनत से कमाई हुई संपत्ति)-
वाक्य प्रयोग – भाई साहब! यह मेरे पसीने की कमाई है, मैं ऐसे ही नहीं लुटा सकता।
पाँव पड़ना (अर्थ – बहुत अनुनय-विनय करना)-
वाक्य प्रयोग – मेरे पाँव पड़ने से कुछ न होगा, जाकर अपने अध्यापक से माँफी माँगो।
पाँव में बेड़ी पड़ना (अर्थ – स्वतंत्रता नष्ट हो जाना)-
वाक्य प्रयोग – मल्लिका का विवाह क्या हुआ बेचारी के पाँवों में बेड़ी पड़ गई है, उसके सास-ससुर उसे कहीं आने-जाने ही नहीं देते।
पाँवों में मेंहदी लगना (अर्थ – कहीं जाने में अशक्त होना)-
वाक्य प्रयोग – तुम्हारे पाँवों में क्या मेंहदी लगी है जो तुम बाजार तक जाकर सब्जी भी नहीं ला सकते?
पाँसा पलटना (अर्थ – भाग्य का प्रतिकूल होना)-
वाक्य प्रयोग – पता नहीं कब क्या से क्या हो जाए? पाँसा पलटते देर नहीं लगती।
पानी जाना (अर्थ – प्रतिष्ठा नष्ट होना)-
वाक्य प्रयोग – मनुष्य का यदि एक बार पानी चला जाए तो दुबारा वैसा ही सम्मान वापस नहीं मिलता।
पानी की तरह रुपया बहाना (अर्थ – अन्धाधुन्ध खर्च करना)-
वाक्य प्रयोग – सेठजी ने सेठानी के इलाज पर पानी की तरह रुपया बहाया पर कुछ न हो सका।
पापड़ बेलना (अर्थ – कष्टमय जीवन बिताना, बहुत परिश्रम करना)-
वाक्य प्रयोग – कितने पापड़ बेले हैं तब जाकर यह छोटी-सी नौकरी मिली है।
पाप का घड़ा भरना (अर्थ – पाप का पराकाष्ठा पर पहुँचना)-
वाक्य प्रयोग – वह दुष्ट समझता था कि उसके पापों का घड़ा कभी भरेगा ही नहीं, पर समय किसी को नहीं छोड़ता।
पार लगाना (अर्थ – उद्धार करना)-
वाक्य प्रयोग – ईश्वर पर भरोसा रखो। वे ही हमारी नैया पार लगाएँगे।
पाला पड़ना (अर्थ – वास्ता पड़ना)-
वाक्य प्रयोग – मुझसे पाला पड़ा होता तो उसके होश ठिकाने आ जाते।
पासा पलटना (अर्थ – स्थिति उलट जाना)-
वाक्य प्रयोग – क्या करें पास ही पलट गया। सोचा कुछ था हो कुछ गया।
पिंड छुड़ाना (अर्थ – पीछा छुड़ाना)-
वाक्य प्रयोग – बड़ा दुष्ट है वह। उससे पिंड छुड़ाना बहुत मुश्किल है।
पिल पड़ना (अर्थ – किसी काम के पीछे बुरी तरह लग जाना)-
वाक्य प्रयोग – बर्तन में रखे दूध पर बिल्लियाँ ऐसे पिल पड़ीं कि सारा दूध जमीन पर फैल गया।
पीछा छुड़ाना (अर्थ – जान छुड़ाना)-
वाक्य प्रयोग – बड़ी मुश्किल से मैं उससे पीछा छुड़ाकर आया हूँ।
पीठ दिखाना (अर्थ – हारकर भागना/पीछे हटना)-
वाक्य प्रयोग – पाकिस्तानी सेना पीठ दिखाकर भाग निकली।
पीस डालना (अर्थ – नष्ट कर देना)-
वाक्य प्रयोग – जो मुझसे टक्कर लेगा उसे मैं पीस डालूँगा।
पुरजा ढीला होना (अर्थ – व्यक्ति का सनकी हो जाना)-
वाक्य प्रयोग – मदन लाल के दिमाग का पुरजा ढीला हो गया है। उसे पता ही नहीं चलता कि क्या बोल रहा है?
पूरा न पड़ना (अर्थ – कमी पड़ना)-
वाक्य प्रयोग – मेहमान अधिक आ गए हैं शायद इतना खाना पूरा न पड़े?
पेट पर लात मारना (अर्थ – रोजी ले लेना)-
वाक्य प्रयोग – मैं किसी के पेट पर लात मारना नहीं चाहता वरना अब तक तो उसे नौकरी से बाहर कर दिया होता।
पेट पीठ एक होना (अर्थ – बहुत दुर्बल होना)-
वाक्य प्रयोग – तीन माह की बीमारी में रमेश के पेट-पीठ एक हो गए हैं।
पेट में दाढ़ी होना (अर्थ – बहुत चालाक होना)-
वाक्य प्रयोग – उसे सीधा मत समझना। उसके पेट में दाढ़ी है, किसी भी दिन चकमा दे सकता है।
पेट में बात न पचना (अर्थ – कोई बात छिपा न सकना)-
वाक्य प्रयोग – उसे हर बात मत बताया करो क्योंकि उसके पेट में कोई बात नहीं पच ती।
पेट में बल पड़ना (अर्थ – इतना हँसना कि पेट दुखने लगे)-
वाक्य प्रयोग – आज सब लोगों ने जो चुटकले सुनाए उन्हें सुनकर सब लोगों के पेट में बल पड़ गए।
पैंतरे बदलना (अर्थ – नई चाल चलना)-
वाक्य प्रयोग – रामेश्वर से सावधान रहना। वह हर बार पैंतरे बदलता है।
पैर उखड़ना (अर्थ – भाग जाना)-
वाक्य प्रयोग – युद्ध में कौरवों की सेना के पैर उखड़ गए।
पैर न टिकना (अर्थ – कहीं स्थायी रूप से कुछ समय भी न रहना)-
वाक्य प्रयोग – तुम्हारा कभी पैर क्यों नहीं टिकता?
पैर फैलाकर सोना (अर्थ – निश्चिंत रहना)-
वाक्य प्रयोग – बेटी का विवाह हो जाए फिर पैर फैला कर सोऊँगा।
पोल खुलना (अर्थ – किसी का छुपा हुआ दोष सामने आ जाना)-
वाक्य प्रयोग – जब तुम्हारी पोल खुल जाएगी तब ये ही लोग तुम्हारा क्या हाल करेंगे तुम्हें अनुमान नहीं है।
पोल खोलना (अर्थ – रहस्य प्रकट करना)-
वाक्य प्रयोग – आखिर एक दिन पोल खुली कि वह पैसा कहाँ से लाता है।
पैसा खींचना (अर्थ – ठग कर किसी से धन लेना)-
वाक्य प्रयोग – उसने उससे पैसे खींच लिए।
पैसा डूबना (अर्थ – हानि होना)-
वाक्य प्रयोग – इस कारोबार में मेरा पैसा डूब गया।
पौ फटना (अर्थ – प्रातः काल होना)-
वाक्य प्रयोग – पौ फटते ही पिता जी घर से निकल पड़े।
प्रशंसा के पुल बाँधना (अर्थ – बहुत तारीफ करना)-
वाक्य प्रयोग – आज तो समारोह में सभाध्यक्ष ने शर्मा जी की प्रशंसा के पुल बाँध दिए।
प्राणों की बाजी लगाना (अर्थ – जान की परवाह न करना)-
वाक्य प्रयोग – चिंता मत करो। प्राणों की बाजी लगाकर वह तुम्हारी रक्षा करेगा।
प्राण सूखना (अर्थ – बहुत घबरा जाना)-
वाक्य प्रयोग – जंगल में शेर की आवाज सुनते ही हमलोगों के प्राण सूख गए।
प्राण हरना (अर्थ – मार डालना)-
वाक्य प्रयोग – शेर ने एक ही झपट्टे में बेचारे हिरण के प्राण हर लिया।
पाँचों उँगलियाँ घी में होना (अर्थ – मौज-मस्ती में रहन)-
वाक्य प्रयोग – वह तिकड़मी सरकारी ठीकेदार हुआ कि पाँचों उँगलियाँ घी में।
पाँचवाँ सवार होना (अर्थ – अपने को बड़ों में गिनना)-
वाक्य प्रयोग – एकाध पुस्तक लिखकर कुछ लोग पाँचवा सवार होना चाहते हैं।
पलक लगना (अर्थ – सो जाना)-
वाक्य प्रयोग – आदमी जो ठहरा, सारे दिन और सारी रात कैसे जागता; तीन बजे सुबह तो पलक लग ही गयी।
पसीने-पसीने होना (अर्थ – लज्जित होना)-
वाक्य प्रयोग – जबसे मैंने उसकी यह चोरी पकड़ी तबसे वह चोरी करता हो या नहीं, किन्तु मुझे देखकर पसीने-पसीने हो जाता है।
पसीने की जगह खून बहाना (अर्थ – कम के बदले अधिक कुर्बानी देना) मैं वैसा आदमी हूँ, जो अपने मित्रों के लिए पसीने की जगह खून बहाने को तैयार रहता है।
पाँव उखड़ जाना (अर्थ – पराजित होना)-
वाक्य प्रयोग – थानेश्र्वर की लड़ाई में पृथ्वीराज की सेना के पाँव उखड़ गये।
पाँव चूमना (अर्थ – पूजा करना, खुशामद करना)-
वाक्य प्रयोग – आज यदि परमवीर अब्दुल हमीद यहाँ होते, तो हम सभी उनके पाँव चूमते।
पाँव भारी होना (अर्थ – गर्भवती होना)-
वाक्य प्रयोग – जब राजा ने सुना कि रानी के पाँव भारी हुए तो उनकी ख़ुशी का ठिकाना न रहा।
पाँव तले की मिट्टी (अर्थ – धरती) खिसकना (अर्थ – स्तब्ध हो जाना)-
वाक्य प्रयोग – जब सट्टे में उसे एक लाख रुपये का घाटा लगा तो उसके पाँव तले की मिट्टी खिसक गयी।
पाँव खींचना (अर्थ – रुकावट डालना)-
वाक्य प्रयोग – आजकल पाँव बढ़ानेवाले दो-चार होते हैं, तो पाँव खींचनेवाले दस-बीस।
पाँव फिसलना (अर्थ – गलती होना)-
वाक्य प्रयोग – जवानी में तो बहुतों के पाँव फिसल जाते हैं।
पाँवों में पर लगना (अर्थ – बहुत तेज चलना)-
वाक्य प्रयोग – मोहन की वंशी सुनकर गोपियों के पाँवों में पर लग गये।
पीठ पर होना (अर्थ – सहायक होना)-
वाक्य प्रयोग – जब आप मेरी पीठ पर हैं तो फिर डर किस बात का ?
पीठ फेरना (अर्थ – मुँह मोड़ना)-
वाक्य प्रयोग – गाढ़े समय में तुमने भी पीठ फेर ली।
प्राण-पखेरू का उड़ना (अर्थ – मृत्यु हो जाना)-
वाक्य प्रयोग – एक-न-एक दिन सभी के प्राण-पखेरू उड़ ही जायेंगे।
प्राण सूख जाना (अर्थ – भयभीत हो जाना)-
वाक्य प्रयोग – यम का नाम लेते ही कितनों के प्राण सूख जाते हैं।
प्राण डालना (अर्थ – सजीव-सा कर देना)-
वाक्य प्रयोग – कलाकार जिस मूर्ति की रचना करता है उसके प्राण पहले अपने में डाल लेता है, तभी वह मूर्ति में प्राण डाल पाता है।
प्राण कंठगत होना (अर्थ – मृत्यु निकट होना)-
वाक्य प्रयोग – प्राण कंठगत होने पर भी धीर विचलित नहीं होते।
पलस्तर करना- (अर्थ – पक्का करना)
पॉलिश करना- (अर्थ – साफ करना, चापलूसी करना)
पार्सल करना- (अर्थ – कहीं भेज देना)
पेंशन देना, लेना- (अर्थ – छुट्टी देना, बिना मेहनत का पैसा लेना)
पैरेड करना- (अर्थ – यूँ ही चक्कर मारना)
परशुराम का कोप- (अर्थ – अत्यधिक क्रोध)
पांचाली चीर- (अर्थ – बड़ी लंबी, समाप्त न होनेवाली वस्तु)
पहलू बचाना- (अर्थ – कतराकर निकल जाना)
पते की कहना- (अर्थ – रहस्य या चुभती हुई काम की बात कहना)
पानी का बुलबुला- (अर्थ – क्षणभंगुर वस्तु)
पानी देना- (अर्थ – तर्पण करना, सींचना)
पानी न माँगना- (अर्थ – तत्काल मर जाना)
पानी पर नींव डालना- (अर्थ – ऐसी वस्तु को आधार बनाना जो टिकाऊ न हो)
पानी पीकर जाति पूछना- (अर्थ – कोई काम कर चुकने के बाद उसके औचित्य का निर्णय करना)
पानी रखना- (अर्थ – मर्यादा की रक्षा करना)
पानी में आग लगाना- (अर्थ – असंभव कार्य करना)
पानी लगना (अर्थ – कहीं का)- (अर्थ – स्थान विशेष के बुरे वातावरण का असर होना )
पानी करना- (अर्थ – सरल कर देना)
पानी फिर जाना- (अर्थ – बर्बाद होना)
पोल खुलना- (अर्थ – रहस्य प्रकट करना)
पुरानी लकीर का फकीर होना/पुरानी लकीर पीटना- (अर्थ – पुरानी चाल मानना)
पैर पकड़ना- (अर्थ – क्षमा चाहना)